साइंस, कंप्यूटर, मैथ्स एवं एंटरप्रेन्योरशिप क्लब के संयुक्त आयोजन में विद्यार्थियों ने दिखाई नवाचार और प्रतिभा
जमशेदपुर : धतकीडीह स्थित जे.एच. तारापोर स्कूल में शनिवार को इंटर-स्कूल तकनीकी एवं शैक्षणिक महोत्सव ‘प्रोब-2026’ (PROBE-2026) का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय के साइंस क्लब, कंप्यूटर साइंस क्लब, मैथ्स क्लब एवं एंटरप्रेन्योरशिप क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, गणितीय तर्कशक्ति, तकनीकी दक्षता, नवाचार और उद्यमिता की भावना को प्रोत्साहित करना था. कार्यक्रम का उद्घाटन जुस्को के प्रबंध निदेशक अतुल भटनागर एवं विद्यालय की प्राचार्या लता शरत ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर प्राचार्या ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक पहलों की जानकारी दी।

मुख्य अतिथि अतुल भटनागर ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में केवल पुस्तकीय ज्ञान पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों में रचनात्मकता, समस्या समाधान की क्षमता, तकनीकी समझ और नवाचार की सोच विकसित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन, विभिन्न क्लबों के प्रभारी शिक्षकों, आयोजन समिति एवं विद्यार्थियों की सराहना की।
मॉडल, रोबोटिक्स और कोडिंग ने किया आकर्षित…..
कार्यक्रम में शहर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने विज्ञान, गणित, कंप्यूटर और उद्यमिता से जुड़े अभिनव प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। तकनीक एवं नवाचार के अंतर्गत कोडिंग, रोबोटिक्स और कंप्यूटर आधारित लाइव प्रोजेक्ट्स ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। वहीं वर्किंग साइंस मॉडल, गणितीय गतिविधियों और उद्यमिता से जुड़े बिजनेस आइडियाज एवं नवाचारी स्टॉल्स को भी खूब सराहना मिली। विद्यार्थियों की रचनात्मकता, तकनीकी दक्षता और आत्मविश्वास ने उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को प्रभावित किया।
‘नेचर गोज वायरल’ प्रतियोगिता ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश….
कार्यक्रम के तहत आयोजित ‘Nature Goes Viral’ इंस्टा रील प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण को केंद्र में रखकर आकर्षक रील्स प्रस्तुत कीं। प्रतियोगिता की निर्णायक वरिष्ठ पत्रकार अन्नी अमृता एवं कोरू फाउंडेशन की संस्थापक गरिमा रोहिला रहीं। दोनों ने प्रतिभागियों के रचनात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां….
तकनीकी एवं शैक्षणिक प्रतियोगिताओं के साथ-साथ डांस और फैशन शो सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। प्रतिभागियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
लिटिल फ्लावर स्कूल बना ओवरऑल चैंपियन….
समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। पूरे आयोजन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर लिटिल फ्लावर स्कूल ने ‘प्रोब-2026 ओवरऑल चैंपियन’ का खिताब अपने नाम किया. कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और सीखने की ललक स्पष्ट रूप से देखने को मिली। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
