जमशेदपुर : शहर में पिछले 24 घंटे के दौरान तेंदुआ देखे जाने की घटनाओं से लोगों में भय और दहशत का माहौल है। मंगलवार देर रात टाटानगर रेलवे यार्ड क्षेत्र में संदिग्ध तेंदुआ देखे जाने की सूचना के बाद बुधवार दोपहर परसुडीह के मकदमपुर स्थित मुंशी बाड़ी इलाके में एक घर के भीतर पलंग के नीचे जंगली जानवर छिपा मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।



स्थानीय लोगों के अनुसार मकदमपुर निवासी भानु लाल के घर में दोपहर के समय तेंदुआ घुस आया था। घर में मौजूद लोगों ने जब पलंग के नीचे उसे देखा तो शोर मचा दिया। लोगों की आवाज और भीड़ बढ़ने पर जंगली जानवर घर के परिसर में कुछ देर तक छिपा रहा, बाद में तेजी से निकलकर पास की झाड़ियों की ओर भाग गया। राहत की बात यह रही कि इस दौरान किसी व्यक्ति पर हमला नहीं हुआ।
घर में मौजूद आभा देवी ने बताया कि वह कमरे में मोबाइल चला रही थीं और फर्श पर लेटी हुई थीं। इसी दौरान उनकी नजर पलंग के नीचे गई, जहां उन्होंने तेंदुए जैसे जानवर को देखा। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
घटना के बाद पूरे मकदमपुर इलाके में भय का माहौल है। लोगों ने बच्चों और बुजुर्गों को घर से बाहर निकलने से मना कर दिया है। सूचना मिलने पर परसुडीह पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है ताकि जंगली जानवर की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाके में तेंदुआ देखे जाने की सूचना के बावजूद वन विभाग की टीम काफी देर तक मौके पर नहीं पहुंची। लोगों ने वन विभाग से जल्द से जल्द जंगली जानवर को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजने की मांग की है।
इधर, डीएफओ सबा आलम अंसारी ने विभिन्न मीडिया संस्थानों को दिए बयान में कहा है कि रेलवे ट्रैक के पास देखा गया जानवर प्रथम दृष्टया जंगली बिल्ली प्रतीत हो रहा है। हालांकि लगातार अलग-अलग इलाकों में दिखने की घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में डर बना हुआ है।



