जमशेदपुर : मानगो नगर निगम में चल रहे विरोध-प्रदर्शन के बीच सोमवार को एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने राजनीतिक मतभेदों के बीच सौहार्द और शालीनता की मिसाल पेश की। मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता ने प्रदर्शनकारी नेताओं और कार्यकर्ताओं का अभिवादन कर उनका स्वागत किया तथा लड्डू खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया।

जानकारी के अनुसार, मेयर सुधा गुप्ता नगर निगम कार्यालय पहुंचने के दौरान सबसे पहले धरना स्थल पर गईं। वहां उन्होंने प्रदर्शन में शामिल लोगों का अभिवादन किया और विधायक सरयू राय से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। इसके बाद उन्होंने धरना स्थल पर मौजूद लोगों के लिए पानी की बोतलें भिजवाईं और लड्डू भेजकर सभी का मुंह मीठा कराया।
धरना समाप्त होने के बाद जदयू नेता पप्पू सिंह, नीरज सिंह समेत दर्जनों कार्यकर्ता मेयर कक्ष पहुंचे। वहां मेयर ने सभी का खड़े होकर स्वागत किया। उन्होंने पप्पू सिंह और नीरज सिंह को अपने हाथों से लड्डू खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया तथा उनका ज्ञापन भी स्वीकार किया।
इस दौरान मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि जनहित से जुड़े किसी भी कार्य में बाधा नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम के विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। यदि किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार, अनियमितता या निर्माण कार्यों में लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्रवाई के मामले में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होगा।
मेयर के इस व्यवहार और शालीनता की चर्चा पूरे दिन होती रही। राजनीतिक विरोध के बावजूद उनके सौहार्दपूर्ण रवैये की सराहना की गई। कई कार्यकर्ताओं ने भी उनके व्यवहार को सकारात्मक बताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतभेद के साथ संवाद और सम्मान की भावना बनी रहनी चाहिए।
