जमशेदपुर : पुलिस अधीक्षक (नगर) ने शुक्रवार को महिला थाना का नियमित निरीक्षण एवं गोविंदपुर थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण, लंबित कांडों की समीक्षा, मालखाना, हाजत, आगंतुक पंजी सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक (नगर) ने थाना प्रभारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने तथा महिला एवं कमजोर वर्ग से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने आम नागरिकों के साथ सौहार्दपूर्ण एवं बेहतर व्यवहार बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया। एसपी (नगर) ने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, नियमित गश्ती बढ़ाने तथा अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान चिन्हित सुधारात्मक बिंदुओं पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
