जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना क्षेत्र के गदरा के समीप अप्रैल माह में रेल लाइन के किनारे मिले गुलशन कुमार उर्फ गुलशन प्रसाद के शव मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में यह मामला दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या का निकला। इस मामले में पुलिस ने मृतक के ही केस पार्टनर रहे जय कर्मकार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार करते हुए हत्या की पूरी साजिश का खुलासा किया।

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2022 में गुलशन और जय एक डकैती के मामले में साथ जेल जा चुके थे। बीते कुछ समय से दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते जय ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर गुलशन की हत्या की योजना बनाई। घटना वाले दिन आरोपियों ने पहले गुलशन के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह अधमरा हो गया। इसके बाद रस्सी से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने और मामले को रेल दुर्घटना का रूप देने के उद्देश्य से शव को रेल लाइन के किनारे फेंक दिया गया।
गोविंदपुर थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि अप्रैल माह में रेल लाइन के पास गुलशन का शव बरामद हुआ था। उस समय परिजनों की शिकायत पर अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया गया था। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया। वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस जय कर्मकार तक पहुंची, जिसने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रस्सी भी बरामद कर ली है। मामले में शामिल चार अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
