लोकतंत्र सवेरा/पटना। बिहार में पहली बार राज्य सरकार की आर्थिक सहायता से सफल लिवर प्रत्यारोपण के बाद शुक्रवार को IGIMS, पटना की चिकित्सकीय टीम ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत से मुलाकात की। स्वास्थ्य मंत्री ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए पूरी टीम को बधाई दी। इस दौरान राज्य के अन्य मेडिकल कॉलेजों में भी लिवर ट्रांसप्लांट की सुविधा शुरू करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य आर्थिक अभाव में किसी मरीज को जीवनरक्षक इलाज से वंचित नहीं रहने देना है। इसके लिए लिवर प्रत्यारोपण कराने वाले मरीजों को 15 लाख रुपये की सरकारी सहायता दी जा रही है।
उन्होंने 16 वर्षीय मोनू कुमार के परिजनों द्वारा अंगदान के फैसले की सराहना करते हुए कहा कि उनके महादान से तीन मरीजों को नया जीवन मिला है। उल्लेखनीय है कि IGIMS में 19 वर्षीय युवती का सफल लिवर ट्रांसप्लांट किया गया, जबकि मोनू के अंगदान से IGIMS और AIIMS, पटना में दो मरीजों का किडनी प्रत्यारोपण भी किया गया। मुलाकात के दौरान स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि भी मौजूद रहे।




