जमशेदपुर : आगामी 09 एवं 10 सितंबर 2026 को आदित्यपुर स्थित ऑटो क्लस्टर ट्रेनिंग सेंटर में आयोजित होने वाले दो दिवसीय राष्ट्रीय महिला नेतृत्व सम्मेलन की तैयारियों ने गति पकड़ ली है। सम्मेलन के सफल आयोजन को लेकर रविवार को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) जमशेदपुर में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन की रूपरेखा, विभिन्न तकनीकी एवं शैक्षणिक सत्रों, अतिथियों के आमंत्रण, आवास एवं अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

यह राष्ट्रीय सम्मेलन शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, नई दिल्ली, एनआईटी जमशेदपुर, श्रीनाथ विश्वविद्यालय, जमशेदपुर तथा इंस्टीच्यूट फॉर एजुकेशन, जमशेदपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा। बैठक में सम्मेलन को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न पदाधिकारियों के बीच जिम्मेदारियों का भी वितरण किया गया।
बैठक में डॉ. विजय सिंह, डॉ. पियूष रंजन, श्री महेन्द्र सिंह, डॉ. शुक्ला महंती, डॉ. कविता परमार, डॉ. अंगद तिवारी, डॉ. अमर सिंह, डॉ. सरोज षाड़ंगी, श्रीमन नारायण त्रिगुण, प्रो. अमर नाथ सिंह, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. राम कृष्णा एवं डॉ. स्वीटी सिन्हा सहित शिक्षा एवं अकादमिक जगत से जुड़े कई वरिष्ठ शिक्षाविद एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में सर्वसम्मति से पूर्व कुलपति डॉ. शुक्ला महंती को सम्मेलन का संयोजक नियुक्त किया गया। वहीं डॉ. कविता परमार एवं डॉ. सरोज षाड़ंगी को सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई. आयोजकों ने बताया कि सम्मेलन में बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर राज्यों तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश से लगभग 150 महिला कुलपति, संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, निदेशक, प्राचार्य एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिला नेतृत्वकर्ताएँ भाग लेंगी।
सम्मेलन में शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के राष्ट्रीय सचिव डॉ. अतुल कोठारी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रो. पंकज मित्तल तथा राष्ट्रीय संयोजक (महिला कार्य) सुश्री शोभा ताई की गरिमामयी उपस्थिति भी रहेगी. बैठक में उपस्थित सदस्यों ने विश्वास जताया कि यह राष्ट्रीय सम्मेलन महिला नेतृत्व को नई दिशा देने, शिक्षा क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने तथा सामाजिक परिवर्तन की प्रक्रिया को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।
