जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के चर्चित गोलीकांड में गंभीर रूप से घायल आफताब आलम ने मंगलवार तड़के इलाज के दौरान कोलकाता के एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना के बाद से शहर में एक बार फिर सनसनी फैल गई है। आफताब को गोली लगने के बाद पहले जमशेदपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर कर दिया था। मंगलवार सुबह करीब चार बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले बर्मामाइंस थाना क्षेत्र की मुस्लिम बस्ती स्थित कंटेनर यार्ड के समीप मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने आफताब आलम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। हमलावरों की ओर से की गई अंधाधुंध गोलीबारी में आफताब को कई गोलियां लगी थीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। वारदात के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
घटना की सूचना मिलते ही बर्मामाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
इधर, आफताब आलम की मौत के बाद बर्मामाइंस एवं आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल व्याप्त है। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा लगातार गश्त की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। हमलावरों की पहचान कर उनकी जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम लगातार कार्रवाई में जुटी हुई है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।