जमशेदपुर : शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक केंद्र साकची बाजार में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। चोरी की वारदातों पर अंकुश नहीं लगने से व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल है। इसी मुद्दे को लेकर सोमवार को व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों के समक्ष बाजार की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए गए।

बैठक में व्यापारियों ने सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी अभिषेक अग्रवाल ‘गोल्डी’ को बताया कि बाजार में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के कारण व्यापारियों के साथ-साथ ग्राहकों में भी भय का वातावरण बन गया है। उन्होंने कहा कि कुछ दिनों पूर्व साकची थाना प्रभारी के साथ भी सुरक्षा और चोरी की घटनाओं को लेकर बैठक हुई थी। उस दौरान पुलिस की ओर से गश्त बढ़ाने और चोरी पर रोक लगाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद घटनाएं लगातार जारी हैं।
व्यापारियों ने प्रशासन से साकची बाजार में नियमित और प्रभावी पुलिस गश्त सुनिश्चित करने, सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा चोरों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उनका कहना था कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं।
बैठक में उठी प्रमुख मांगें…..
साकची बाजार में नियमित एवं सघन पुलिस गश्त बढ़ाई जाए।
जिन स्थानों पर पर्याप्त रोशनी नहीं है, वहां शीघ्र स्ट्रीट लाइट लगाई जाए।
बाजार के कुछ हिस्सों में नशेड़ियों के बढ़ते जमावड़े पर प्रभावी कार्रवाई कर ऐसे अड्डों को समाप्त किया जाए।
सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था को दुरुस्त एवं स्वच्छ बनाया जाए।
साकची बाजार के मुख्य प्रवेश द्वार को व्यवस्थित कर ग्राहकों के सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बैठक में अभिषेक अग्रवाल ‘गोल्डी’, अमित संगी, अप्पू चौधरी, निलेश अग्रवाल, विपिन अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि साकची जैसे प्रमुख बाजार में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि व्यापारी और ग्राहक दोनों सुरक्षित माहौल में अपना कारोबार और खरीदारी कर सकें।