जमशेदपुर : मंगलवार 4 अगस्त को नमाज-ए-असर के बाद फूलपाल इमामबाड़ा में हज़रत इमाम हुसैन (रज़ि.) की शहादत के 40वें दिन (चेहल्लुम) का आयोजन पूरे अकीदत और एहतेराम के साथ किया गया. इस अवसर पर मौलाना द्वारा फ़ातेहा और विशेष दुआ कराई गई। देश-दुनिया में अमन, शांति, भाईचारे, खुशहाली तथा समस्त मानव जाति की सलामती के लिए अल्लाह से दुआ मांगी गई। साथ ही लोगों को हज़रत इमाम हुसैन की कुर्बानी, सत्य, इंसाफ और मानवता के संदेश पर चलने का आह्वान किया गया।

मोहर्रम कमिटी के सचिव शेख अख्तर अली ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी फूलपाल इमामबाड़ा में चेहल्लुम श्रद्धा और धार्मिक आस्था के साथ मनाया गया। उन्होंने कहा कि इमाम हुसैन की शहादत पूरी इंसानियत के लिए सब्र, त्याग और इंसाफ की मिसाल है. कार्यक्रम में सदर पइया वली, इमराज अली, सरफराज, शेख अमजद अली, शेख अनवर सहित बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद रहे। अंत में सभी ने देश और दुनिया की खुशहाली, शांति एवं मानवता की भलाई के लिए सामूहिक दुआ की।
