जमशेदपुर : चतरा जिले के टांडवा थाना क्षेत्र में हुई मोहम्मद इमराज की कथित मॉब लिंचिंग की घटना को लेकर झामुमो अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व महानगर अध्यक्ष अमीर अली अंसारी ने गहरा रोष व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं मानवता और कानून के राज पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं तथा दोषियों को कठोरतम दंड मिलना चाहिए।

जारी प्रेस विज्ञप्ति में अमीर अली अंसारी ने मांग की कि हत्या में शामिल सभी आरोपियों को फांसी से कम सजा नहीं दी जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों, संबंधित थाना प्रभारी एवं डीएसपी की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने राज्य सरकार से आगामी विधानसभा के मानसून सत्र में लंबित मॉब लिंचिंग एक्ट को शीघ्र पारित कर झारखंड में प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की। उनका कहना है कि ऐसा कानून किसी एक समुदाय के लिए नहीं, बल्कि पूरे समाज, मानवता और कानून के शासन की रक्षा के लिए आवश्यक है।
अमीर अली अंसारी ने जमशेदपुर के अल्पसंख्यक समुदाय एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस घटना के विरोध में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज बुलंद करें। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद टेल्को थाना क्षेत्र स्थित टेल्को मस्जिद, मदरसा परिसर स्थित मस्जिद-ए-रज़ा तथा मस्जिद-ए-कुबा के नमाजियों से शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन में शामिल होने का आग्रह किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान लोग अपने हाथों पर काला बिल्ला लगाकर राज्य सरकार को यह संदेश देंगे कि मॉब लिंचिंग जैसी अमानवीय घटनाओं को किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। साथ ही उन्होंने सभी से कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने की अपील की।
