जमशेदपुर : झारखंड में आयोजित JPSC परीक्षा को रद्द कर पूरे मामले की CBI से निष्पक्ष जांच कराने की मांग को लेकर ह्यूमन राइट्स मिशन (Human Rights Mission) ने राज्य सरकार से अविलंब कार्रवाई करने की अपील की है। संगठन ने JPSC अभ्यर्थियों के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि यदि समय रहते सरकार ने छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो राज्य में व्यापक जनआंदोलन की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

बुधवार को ओल्ड कोर्ट परिसर में आयोजित बैठक में ह्यूमन राइट्स मिशन के पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार को छात्रों की भावनाओं का सम्मान करते हुए परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए। संगठन ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह किया कि पूरे मामले की CBI जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सरकार को ऐसी परिस्थितियां बनने से रोकना चाहिए, जिससे दिल्ली के जंतर-मंतर जैसी आंदोलन की स्थिति झारखंड में उत्पन्न हो। इसके लिए समय रहते सकारात्मक पहल और संवाद की आवश्यकता है।
इस अवसर पर ह्यूमन राइट्स मिशन के राष्ट्रीय निदेशक डॉ. जी. जयरामदास, राष्ट्रीय महासचिव साई प्रसाद, संयुक्त सचिव निशांत कुमार, आत्मविकास डे, रवींद्र कुमार, जसपाल सिंह, जगदीप सिंह तथा राजीव सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे. बैठक में जोहार जनसेवक पार्टी ने भी JPSC अभ्यर्थियों के आंदोलन और उनकी मांगों का समर्थन व्यक्त करते हुए कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर सरकार को पारदर्शी और निष्पक्ष निर्णय लेना चाहिए।
