बड़गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से करेंगे मुलाकात, अधिकारियों संग समीक्षा बैठक में लेंगे जांच और कार्रवाई का ब्यौरा
रांची/चतरा : चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़गांव में मोहम्मद इमरोज की कथित मॉब लिंचिंग में हुई हत्या के मामले को झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग ने गंभीरता से लिया है। घटना की जमीनी हकीकत जानने एवं पूरे मामले की समीक्षा के लिए आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान 6 अगस्त को चतरा का दौरा करेंगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान एवं सदस्य रंजीत कुमार मल्लिक रांची से चतरा के लिए रवाना होंगे। चतरा पहुंचने के बाद आयोग की टीम टंडवा थाना क्षेत्र के बड़गांव गांव का दौरा करेगी, जहां पीड़ित परिवार एवं स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात कर घटना से संबंधित तथ्यों की जानकारी प्राप्त करेगी।
गौरतलब है कि 4 अगस्त 2026 को मोहम्मद इमरोज (पिता–मोहम्मद सुल्तान मियां) की कथित रूप से भीड़ द्वारा लाठी-डंडों एवं अन्य हथियारों से पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया था। इस घटना को गंभीर मानते हुए आयोग ने निष्पक्ष, गहन एवं त्वरित जांच के साथ दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया है।
दौरे के दौरान आयोग की टीम चतरा परिसदन में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के साथ समीक्षा बैठक भी करेगी। बैठक में अब तक की जांच की प्रगति, पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई, आरोपियों की गिरफ्तारी की स्थिति तथा पीड़ित परिवार को उपलब्ध कराई गई सरकारी सहायता सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत जानकारी ली जाएगी।
अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित होनी चाहिए तथा दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुरूप कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोग इस मामले की गंभीरता से निगरानी करेगा और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेगा।
