आजादनगर पुलिस की कार्रवाई, पूछताछ में पवन यादव से ब्राउन शुगर लेने की बात सामने आई, मोबाइल फोन भी बरामद
जमशेदपुर : आजादनगर थाना पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पारडीह चौक के आसपास से एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 38 पुड़िया ब्राउन शुगर और एक स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान सौरभ ओहरी (लगभग 21 वर्ष), पिता राजेश कुमार ओहरी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 7 अगस्त 2026 की रात करीब 8:10 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि पारडीह चौक एवं आसपास के इलाकों में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों को जानकारी दी गई और पुलिस उपाधीक्षक पटमदा दयानंद कुमार के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया. पुलिस टीम ने पारडीह चौक के आसपास रेकी शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सौरभ ओहरी बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 38 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। उसके पास से एक स्मार्ट मोबाइल फोन भी मिला।
पूछताछ में नेटवर्क से जुड़े नाम का खुलासा…..
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने बताया कि उसने ब्राउन शुगर सोनारी निवासी पवन यादव से लिया था। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में नशीले पदार्थ के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। इस आधार पर पुलिस अन्य संदिग्धों की तलाश में छापामारी कर रही है. आजादनगर थाना कांड संख्या 64/26, दिनांक 07 अगस्त 2026 के तहत धारा 21(a)/21(b)/29 NDPS Act एवं 111 BNS 2023 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।
छापामारी दल में शामिल रहे पुलिसकर्मी……
कार्रवाई में डीएसपी पटमदा दयानंद कुमार, आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार सहित पुलिस अवर निरीक्षक दीपक कुमार ठाकुर, पवन कुमार, मनीष कुमार राय, सहायक अवर निरीक्षक विजय कुमार दुबे तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
बरामदगी:
38 पुड़िया ब्राउन शुगर, एक स्मार्ट मोबाइल फोन
