देवघर : विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर स्थित सभी 18 दानपात्र गुरुवार को मंदिर प्रशासन की देखरेख में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच खोले गए। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि दानपात्रों की गिनती पूरी होने के बाद कुल 22 लाख 88 हजार 605 रुपये की दानराशि प्राप्त हुई। इसके अलावा श्रद्धालुओं द्वारा दान स्वरूप 11 हजार 610 नेपाली मुद्रा तथा 66 भूटानी मुद्रा भी प्राप्त हुई।

मंदिर प्रशासन के अनुसार दानपात्र खोलने की पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के तहत पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई। दानपात्रों से निकली नकदी को गिनती के लिए मंदिर प्रशासनिक भवन में सुरक्षित रखा गया, जहां संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मौजूदगी में राशि की गणना की गई।
श्रावणी मेला-2026 के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की आस्था का यह सिलसिला मंदिर में प्राप्त हो रही दानराशि में भी साफ दिखाई दे रहा है। जिला प्रशासन ने बताया कि दानपात्र खोलने और राशि की गिनती के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, ताकि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण, सुरक्षित और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।
