राँची : झारखंड की राजधानी राँची में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर चल रहा छात्र आंदोलन उग्र हो गया है। पूर्वनिर्धारित कार्यक्रम के तहत विधानसभा घेराव के लिए आगे बढ़ रहे प्रदर्शनकारी छात्रों ने सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए दूसरा बैरिकेड भी तोड़ दिया है। बड़ी संख्या में छात्र हाथों में तिरंगा झंडा थामे लगातार विधानसभा की ओर आगे बढ़ रहे हैं। छात्रों के इस आक्रामक रुख को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

क्या है पूरा मामला :
छात्र JPSC और JSSC परीक्षाओं में धांधली को लेकर सीबीआई जांच और अन्य प्रमुख मांगों पर अड़े हुए हैं। हालांकि सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच कई दौर की बातचीत भी हुई है, जिसमें सरकार ने कई मांगें पूरी करने और JPSC परीक्षा रद्द करने की घोषणा की है, लेकिन छात्र अपनी बाकी मांगों और पूर्व घोषित विधानसभा मार्च को लेकर पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। फिलहाल राँची में तनावपूर्ण लेकिन, संघर्षपूर्ण माहौल बना हुआ है और प्रशासनिक अधिकारी स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिशों में जुटे हैं।
