गढ़वा : झारखंड के गढ़वा जिले के केतार प्रखंड अंतर्गत पाचाडुमर गांव स्थित सोन नदी में सोमवार सुबह सेल्फी लेने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नदी में स्नान करने के बाद सेल्फी ले रही तीन किशोरियां अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एक किशोरी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दो किशोरियां अब भी लापता हैं। दोनों की तलाश ग्रामीणों, स्थानीय गोताखोरों और प्रशासन की टीम द्वारा लगातार की जा रही है. जानकारी के अनुसार, सोमवार को पाचाडुमर गांव स्थित सोन नदी के तट पर जल उठाने के लिए बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ पहुंचे थे। इसी दौरान तीन किशोरियां नदी में स्नान करने के बाद किनारे पर सेल्फी लेने लगीं। सेल्फी लेने के क्रम में तीनों अचानक गहरे पानी की ओर चली गईं और देखते ही देखते डूबने लगीं।

एक को ग्रामीणों ने बचाया, दो अब भी लापता…..
घटना के बाद नदी किनारे मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। ग्रामीणों की तत्परता से एक किशोरी को नदी से बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद उसकी हालत को देखते हुए इलाज के लिए भेजा गया. वहीं, बबलू प्रसाद की पुत्री जूली कुमारी और गीरवर ठाकुर की पुत्री खुशबू कुमारी का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। दोनों की तलाश नदी में स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से की जा रही है। प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान में जुटी हुई है।
कक्षा नौ की छात्राएं हैं दोनों लापता किशोरियां…..
बताया गया कि लापता दोनों किशोरियां छाताकुंड उच्च विद्यालय में कक्षा नौ की छात्राएं हैं। हादसा सोमवार सुबह करीब नौ बजे हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही दोनों के परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
इलाके में पसरा मातम, नदी किनारे जुटी भीड़,……
हादसे की खबर फैलते ही पाचाडुमर गांव समेत आसपास के इलाके में मातम पसर गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण सोन नदी के किनारे जुट गए हैं और सभी की निगाहें बचाव अभियान पर टिकी हुई हैं। परिजन अपनों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। प्रशासन और स्थानीय लोगों की ओर से लापता किशोरियों की तलाश लगातार जारी है।
