जमशेदपुर : सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में सक्रिय संस्था ‘प्रयत्न’ की ओर से संचालित साप्ताहिक भोजन वितरण अभियान के तहत बागबेड़ा बस्ती में बच्चों के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों के साथ समय बिताकर उनकी खुशियों में सहभागी बनना और उनके चेहरों पर मुस्कान लाना था. कार्यक्रम के दौरान संस्था के सदस्यों ने बच्चों के साथ विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों और खेलों का आयोजन किया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान बच्चों के बीच बिस्कुट, चॉकलेट एवं अन्य खाद्य सामग्री का वितरण भी किया गया।

हर बच्चे का बचपन खुशियों से भरा हो : समर झा…..
इस अवसर पर प्रयत्न संस्था के अध्यक्ष समर झा ने कहा कि हर बच्चे का बचपन खुशियों और बेहतर अवसरों से भरा होना चाहिए। उन्होंने कहा, “बागबेड़ा बस्ती के बच्चों के चेहरों पर दिखाई देने वाली निस्वार्थ मुस्कान ही हमारी संस्था की असली सफलता है। प्रयत्न संस्था समाज के वंचित वर्गों के उत्थान और सशक्तीकरण के लिए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्य लगातार जारी रखेगी।”
कार्यक्रम में बस्ती के अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। स्थानीय लोगों ने संस्था की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों में खुशी और सकारात्मकता का संचार करते हैं. कार्यक्रम को सफल बनाने में राहुल, दुर्गेश, आकाश, रवि, अंकित, भास्कर, शिबू, मधुरेश, राम, हर्ष समेत प्रयत्न संस्था के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
