जमशेदपुर : सावन के पावन महीने में टाटा मोटर्स के शेष बचे अस्थाई कर्मचारियों के लिए मंगलवार का दिन खुशियां लेकर आया। टाटा मोटर्स प्रबंधन की ओर से अंतिम शेष अस्थाई कर्मचारियों के स्थायीकरण के लिए सूची प्रकाशित कर दी गई है।बता दें कि टाटा मोटर्स में 2,700 अस्थाई कर्मचारियों को स्थाई करने के लिए त्रिपक्षीय समझौता हुआ था। समझौते के तहत प्रत्येक माह 225 अस्थाई कर्मचारियों को स्थाई किया जाता रहा। इस प्रक्रिया के बाद अंत में कुल 78 अस्थाई कर्मचारी स्थायीकरण के लिए शेष रह गए थे।

अब इन शेष कर्मचारियों के स्थायीकरण को लेकर अंतिम सूची जारी होने से कर्मचारियों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। लंबे समय से स्थायीकरण की उम्मीद लगाए बैठे कर्मचारियों के लिए यह खबर राहत और उत्साह लेकर आई है।
टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद एवं महामंत्री आरके सिंह ने सभी सूचीबद्ध कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए निर्धारित सिड्यूल के अनुसार ससमय लेबर ब्यूरो में उपस्थित होने का सुझाव दिया है। साथ किसी तरह की परेशानी होने पर संपर्क स्थापित करने की बात कही। गौरतलब हो कि इस अंतिम सूची प्रकाशन के साथ अब टाटा मोटर्स में अस्थाई कर्मचारियों का इतिहास समाप्त हो गया।
