जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक टाटा मैजिक वाहन को जब्त कर चालक और खलासी को गिरफ्तार किया है। वहीं, वाहन मालिक सह मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

ग्रामीण एसपी शुभम खंडवाल ने बताया कि 8 जुलाई की मध्यरात्रि गुप्त सूचना मिली थी कि लाल रंग की एक टाटा मैजिक से अवैध शराब की बड़ी खेप मुसाबनी क्षेत्र में खपाने के उद्देश्य से लाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर मुसाबनी थाना पुलिस ने जादूगोड़ा–मुसाबनी मुख्य मार्ग स्थित एचसीएल कंपनी के प्रशिक्षण भवन के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान संदिग्ध टाटा मैजिक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में वाहन से 25 कार्टन में पैक 300 बोतल किंगफिशर बीयर तथा एक कार्टन में 12 बोतल 8 पीएम प्रीमियम ब्लैक एलीट व्हिस्की बरामद हुई। पुलिस ने शराब की पूरी खेप और वाहन को मौके पर ही जब्त कर लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार चालक जानूम सिंह सुंडी (25) और खलासी सोमा पूर्ति (30) ने पुलिस को बताया कि शराब की खेप जादूगोड़ा के माटीगोड़ा स्थित शराब दुकान से पुरुलिया निवासी बुधराम बेसरा के घर पहुंचाई जानी थी, जहां इसकी अवैध बिक्री की योजना थी। जांच में यह भी सामने आया कि जब्त टाटा मैजिक वाहन भी बुधराम बेसरा के नाम पर पंजीकृत है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है, जबकि मुख्य आरोपी एवं वाहन मालिक बुधराम बेसरा की तलाश जारी है। इस संबंध में मुसाबनी थाना कांड संख्या 23/2026, दिनांक 9 जुलाई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 274 एवं 275 तथा आबकारी अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
ग्रामीण एसपी ने कहा कि अवैध शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

