जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के जेम्को स्थित महानंद बस्ती में सोमवार रात हनुमान मंदिर के सामने कचरे के ढेर में बोरे से मवेशी के बच्चे का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने करीब एक घंटे तक हंगामा किया और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 10 बजे कचरे में पड़े बोरे को कुत्तों ने नोचकर फाड़ दिया, जिसके बाद शव बाहर आ गया। घटना को लेकर लोगों ने धार्मिक भावनाएं आहत करने और माहौल बिगाड़ने की आशंका जताई। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है।
सूचना पर टेल्को थाना पुलिस और क्यूआरटी मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। एहतियातन घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने तथा अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।