जमशेदपुर : रांची में आंदोलनरत छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में तुरी समाज जमशेदपुर ने कड़ी नाराजगी जताई है। समाज के जिलाध्यक्ष मनीष कुमार प्रसाद ने पुलिस की कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए इसे छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ-साथ हेमंत सोरेन सरकार से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की है। मनीष कुमार प्रसाद ने कहा कि अपनी जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करना छात्रों का लोकतांत्रिक अधिकार है। ऐसे में आंदोलनरत छात्रों पर लाठीचार्ज करना किसी भी स्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने कहा कि सरकार को युवाओं की आवाज दबाने के बजाय उनके साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए।

उन्होंने राज्य सरकार से लाठीचार्ज की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने तथा कार्रवाई के लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों की भूमिका की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही, लाठीचार्ज में घायल छात्रों को बेहतर चिकित्सा सुविधा और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई। तुरी समाज के जिलाध्यक्ष ने कहा कि झारखंड के छात्र और युवा राज्य के भविष्य हैं। उनके साथ संवेदनशीलता और सम्मान के साथ व्यवहार किया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से छात्रों की मांगों पर तत्काल वार्ता शुरू करने की अपील की, ताकि आंदोलन का लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण समाधान निकाला जा सके।
तुरी समाज जमशेदपुर ने स्पष्ट चेतावनी दी कि छात्रों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समाज ने कहा कि वह छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों के समर्थन में हर उचित और शांतिपूर्ण मंच पर अपनी आवाज उठाता रहेगा।
