रामगढ़ और जमशेदपुर साइबर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से खुला देशव्यापी ठगी का राज, पांच लैपटॉप और 25 मोबाइल भी जब्त, करोड़ों रुपये के लेन-देन की आशंका
जमशेदपुर : शहर के बिरसानगर में साइबर अपराधियों के एक बड़े नेटवर्क का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बिरसानगर जोन नंबर-2 स्थित ओमनगर में गुरुवार को रामगढ़ साइबर पुलिस और जमशेदपुर साइबर पुलिस ने बिरसानगर थाना की पुलिस के साथ संयुक्त रूप से छापेमारी कर पांच कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। पुलिस की इस कार्रवाई में ठगी के काले कारोबार का ऐसा सामान बरामद हुआ, जिसने पूरे नेटवर्क की गंभीरता उजागर कर दी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 90 एटीएम कार्ड, 70 सिम कार्ड, 25 मोबाइल फोन और पांच लैपटॉप समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं. पुलिस को आशंका है कि गिरफ्तार आरोपी देश के अलग-अलग राज्यों में बैठे लोगों को निशाना बनाकर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी कर चुके हैं। अब पुलिस इनके बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन और संपत्तियों की जांच कर ठगी के पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी है।
### पांच गाड़ियों में पहुंची पुलिस, पूरे मकान को घेरा….
गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे पुलिस की पांच गाड़ियां अचानक ओमनगर पहुंचीं। 20 से अधिक पुलिसकर्मियों की टीम ने एक किराये के मकान को चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस की अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। मकान के अंदर मौजूद पांच युवकों को हिरासत में लेकर तलाशी शुरू की गई. बताया जाता है कि आरोपी पिछले करीब एक वर्ष से इस मकान में रह रहे थे और इसके लिए मकान मालिक को प्रतिमाह 35 हजार रुपये किराया देते थे। तलाशी के दौरान घर से पांच लैपटॉप, अलग-अलग बैंकों की 10 पासबुक, 25 मोबाइल फोन, 70 सिम कार्ड और 90 एटीएम कार्ड बरामद हुए। इसके अलावा मकान की छत पर लगाए गए वाई-फाई उपकरण और राउटर को भी पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस देर रात तक मकान और बरामद सामान की जांच में जुटी रही।
### महिला को लोन का झांसा देकर खुलवाया बैंक खाता……
इस पूरे साइबर ठगी नेटवर्क का खुलासा रामगढ़ की एक महिला अनिशा सिंह की शिकायत से हुआ। रामगढ़ साइबर थाना में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, महिला को लोन दिलाने का भरोसा देकर उसके नाम पर बैंक ऑफ महाराष्ट्र की रामगढ़ शाखा में खाता खुलवाया गया था। आरोप है कि विकास यादव ने बैंक खाता खुलवाने के बाद उसकी पासबुक और एटीएम कार्ड अपने कब्जे में रख लिए. इसके बाद महिला के बैंक खाते में साइबर ठगी के लाखों रुपये मंगाए गए। अनिशा के अनुसार, उसके खाते में करीब 48 लाख रुपये के संदिग्ध लेन-देन का पता चला, जिसके बाद बैंक ने खाते को फ्रीज कर दिया। मामले में रामगढ़ पुलिस ने विकास यादव और उसके सहयोगी निखिल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
### विकास और निखिल की निशानदेही पर जमशेदपुर में छापा…….
रामगढ़ में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान जमशेदपुर में सक्रिय साइबर अपराधियों के नेटवर्क का सुराग मिला। इसके बाद रामगढ़ साइबर पुलिस ने जमशेदपुर साइबर पुलिस से संपर्क कर संयुक्त कार्रवाई की योजना बनाई। दोनों आरोपियों से मिली जानकारी और निशानदेही के आधार पर बिरसानगर के ओमनगर में छापेमारी की गई, जहां से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
### करोड़ों की ठगी का शक, अब खुलेगी बैंक खातों की कुंडली…….
पुलिस को बरामद 90 एटीएम कार्ड और 70 सिम कार्ड से साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क से जुड़े होने का संदेह है। जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि आरोपी अलग-अलग बैंक खातों और मोबाइल नंबरों के जरिए देशभर में साइबर ठगी की रकम का लेन-देन कर रहे थे।
अब पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के बैंक खातों, पासबुक, मोबाइल फोन, डिजिटल गतिविधियों और संपत्तियों की जांच करेगी। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अब तक कितनी रकम की ठगी की गई, किन-किन राज्यों के लोग इनके शिकार बने और इस नेटवर्क में इनके अलावा कितने लोग शामिल हैं. बिरसानगर में हुई इस बड़ी कार्रवाई ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि साइबर अपराधी शहरों में किराये के मकानों को ठिकाना बनाकर देशव्यापी ठगी का नेटवर्क संचालित कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े कई अन्य चेहरों के बेनकाब होने की संभावना जताई जा रही है।

