वैकल्पिक खेती अपनाने के लिए किसानों को किया जाएगा जागरूक, अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर भी सख्ती के निर्देश
सरायकेला : जिले में मादक पदार्थों की अवैध खेती, निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने को लेकर नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन सेंटर (NCORD) की बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक समेत विभिन्न संबंधित विभागों के पदाधिकारी शामिल हुए. बैठक में मुख्य रूप से जिले में अफीम की अवैध खेती पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर चर्चा की गई। अधिकारियों को संभावित क्षेत्रों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा किसानों को अफीम की खेती छोड़कर वैकल्पिक फसलों की खेती अपनाने के लिए जागरूक करने का निर्देश दिया गया। इसके लिए संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर काम करने पर जोर दिया गया।
इसके अलावा मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति आम लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार अभियान चलाने की बात कही गई। बैठक में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए नियमित निगरानी एवं औचक जांच करने का निर्देश भी दिया गया. पुलिस और उत्पाद विभाग को संयुक्त रूप से अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।


