जमशेदपुर : आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित नूर कॉलोनी में देर रात एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। कहासुनी से शुरू हुआ मामला देखते ही देखते खूनी झड़प में बदल गया, जिसमें चाकूबाजी की घटना सामने आई है। इस घटना में चार लोग घायल हो गए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।



प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ लोगों के बीच पहले आपसी कहासुनी हुई थी, जो धीरे-धीरे बढ़ते हुए विवाद में बदल गई। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार और भुजाली से हमला कर दिया। हमले में शेख खान, समीर खान, मोहम्मद शोएब और पप्पू घायल हो गए। वहीं, बीच-बचाव करने पहुंचे एक अधेड़ व्यक्ति को भी हमलावरों ने निशाना बनाया और उस पर भी चाकू से हमला कर दिया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। सूचना मिलते ही गश्ती पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। सभी घायलों को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां तीन लोगों का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, दो घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य की हालत स्थिर बताई जा रही है।
हमलावरों ने घटना के दौरान मौके पर खड़ी एक बुलेट बाइक में भी आग लगा दी। हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कर दिया. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जा सके।