जमशेदपुर : भाजपा की ओर से आहूत बंद को लेकर टेल्को कॉलोनी मंडल कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देबाशीष घोष ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने भाजपा के बंद को राजनीतिक नौटंकी करार देते हुए कहा कि छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक एजेंडे के लिए इस्तेमाल करने की भाजपा की कोशिश पूरी तरह बेनकाब हो गई है। उन्होंने दावा किया कि जनता ने भाजपा के इस बंद को पूरी तरह खारिज कर दिया है।

देबाशीष घोष ने कहा कि छात्र अपने अधिकार, न्याय, रोजगार और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। ऐसे में उनकी समस्याओं का समाधान तलाशने के बजाय भाजपा ने आंदोलन को राजनीतिक मंच बनाने की कोशिश की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा छात्रों के मुद्दे की आड़ में राज्य सरकार को घेरने और राजनीतिक लाभ हासिल करने का प्रयास कर रही है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा का बंद जनहित का आंदोलन नहीं, बल्कि उसकी राजनीतिक बेचैनी और हताशा का प्रदर्शन था। उन्होंने मंगलवार को बंद बुलाए जाने पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जमशेदपुर समेत कई स्थानों पर मंगलवार को वैसे भी कई दुकानें और प्रतिष्ठान सामान्य रूप से बंद रहते हैं। ऐसे में बंद के असर को राजनीतिक उपलब्धि के रूप में प्रचारित करना जनता को गुमराह करने का प्रयास है।
उन्होंने कहा कि छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर राजनीति करने का दौर अब खत्म हो चुका है। छात्र किसी राजनीतिक दल की जागीर नहीं हैं और उनके भविष्य तथा आंदोलन का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए नहीं किया जाना चाहिए। भाजपा को छात्रों के नाम पर राजनीति करने के बजाय अपने शासनकाल में हुए छात्र आंदोलनों और उन पर हुई कार्रवाई का भी जवाब देना चाहिए।
देबाशीष घोष ने कहा कि भाजपा को दूसरों के घर में झांकने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। छात्र आंदोलनों के दौरान बल प्रयोग, आंदोलनकारियों पर कार्रवाई और छात्रों की आवाज दबाने से जुड़े सवालों का जवाब भाजपा को जनता के सामने देना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल विपक्ष में रहते हुए छात्रों का हितैषी बनने का दावा करने से वास्तविकता नहीं बदलेगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि झारखंड में छात्र हितों और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता के मुद्दे पर निष्पक्ष जांच और कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। जहां भी अनियमितता या किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आए, वहां कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। कांग्रेस किसी भी दोषी व्यक्ति को बचाने के पक्ष में नहीं है।
कांग्रेस मंडल अध्यक्ष ने कहा कि छात्रों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए बंद और राजनीतिक नारों से अधिक जरूरी है कि परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए, निष्पक्ष जांच हो, प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी हों और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों के साथ सड़क से सदन तक खड़ी है। छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाना चाहिए। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए।
भाजपा को चुनौती देते हुए देबाशीष घोष ने कहा कि यदि पार्टी वास्तव में छात्रों के हित में है तो उसे बंद और दिखावे की राजनीति छोड़कर छात्रों के वास्तविक मुद्दों पर खुले मंच पर चर्चा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक रंग देने से भाजपा की मंशा छिपने वाली नहीं है. अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा का बंद जनता की आवाज नहीं, बल्कि उसकी राजनीतिक हताशा का प्रदर्शन है। लोकतंत्र में जनता की अदालत सबसे बड़ी होती है और आने वाले समय में जनता भाजपा की अवसरवादी राजनीति का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।
