जमशेदपुर : झारखंड में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, गौशालाओं के निर्माण एवं संरक्षण तथा गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर राष्ट्रीय योगी सेना ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा है। संगठन के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष नन्दकिशोर चौधरी ने ज्ञापन के माध्यम से राज्यपाल से इस दिशा में आवश्यक पहल करने की मांग की है. ज्ञापन में कहा गया है कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में गौ माता का महत्वपूर्ण स्थान है। साथ ही गाय ग्रामीण अर्थव्यवस्था, कृषि और जैविक खेती में भी उपयोगी है। संगठन ने गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रभावी और सख्त व्यवस्था लागू करने की आवश्यकता जताई है. राष्ट्रीय योगी सेना ने झारखंड में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा मौजूदा कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश देने की मांग की। इसके अलावा अवैध पशु वध और गौ तस्करी पर रोक लगाने के लिए संबंधित विभागों और पुलिस प्रशासन को सख्त कार्रवाई के निर्देश देने की भी अपील की गई है।

ज्ञापन में प्रत्येक जिले और आवश्यकता के अनुसार प्रखंड स्तर पर आधुनिक एवं सुव्यवस्थित गौशालाओं के निर्माण की मांग की गई है। संगठन ने कहा कि इन गौशालाओं में निराश्रित, वृद्ध, बीमार और बेसहारा गौवंश के संरक्षण की उचित व्यवस्था होनी चाहिए। गौशालाओं के संचालन एवं रखरखाव के लिए पर्याप्त सरकारी सहायता के साथ चारा, पानी, चिकित्सा और स्वच्छता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की गई है. संगठन ने गौवंश संरक्षण को ग्रामीण अर्थव्यवस्था और जैविक कृषि से जोड़ने पर भी जोर दिया है। ज्ञापन में गौ आधारित उत्पादों और प्राकृतिक कृषि के माध्यम से किसानों तथा गोपालकों की आय बढ़ाने के अवसर उपलब्ध कराने की मांग की गई।
इसके अलावा गौ तस्करी और गौवंश के प्रति क्रूरता से संबंधित शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए प्रभावी तंत्र विकसित करने तथा दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की मांग की गई है। राष्ट्रीय योगी सेना ने केंद्र सरकार और संबंधित संवैधानिक संस्थाओं के समक्ष झारखंड की जनता की भावना रखते हुए गौ माता को राष्ट्र माता का सम्मान अथवा दर्जा दिलाने की दिशा में आवश्यक संवैधानिक एवं विधिक पहल किए जाने का भी अनुरोध किया है।
ज्ञापन में संगठन ने स्पष्ट किया कि उसका उद्देश्य किसी व्यक्ति, समुदाय अथवा वर्ग के प्रति विरोध उत्पन्न करना नहीं, बल्कि गौ संरक्षण, पशु कल्याण, कानून के पालन और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से अपनी मांग रखना है. राष्ट्रीय योगी सेना के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष नन्दकिशोर चौधरी ने राज्यपाल से मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए संबंधित राज्य सरकार एवं विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने तथा उचित स्तर पर इस विषय को उठाने की अपील की है।
