जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना से महज करीब 150 मीटर की दूरी पर शुक्रवार को स्कूली बच्चों से लदा एक ऑटो अचानक पलट गया। हादसे में ऑटो में सवार तीन छोटे बच्चे घायल हो गए। घायलों में एक बच्ची और दो बच्चे शामिल हैं। हादसे में ऑटो चालक को भी चोट आई है. जानकारी के अनुसार, ऑटो में गोलमुरी स्थित संत जोसफ स्कूल के बच्चे सवार थे। बताया जा रहा है कि सीतारामडेरा थाना के महज 150 मीटर की दूरी पर अचानक एक कुत्ता ऑटो के सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने ऑटो पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद ऑटो सड़क पर पलट गया।

हादसे के बाद मौके पर भीड़ जुट गया. ऑटो चालक और राहगीरों की मदद से घायल बच्चों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया. घटना के बाद आसपास के लोगों में भी नाराजगी देखी गई। स्थानीय लोगों ने स्कूली बच्चों को ले जाने वाले वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और चालकों की सतर्कता पर सवाल उठाते हुए ऐसे वाहनों की नियमित जांच की मांग की है।