जमशेदपुर : गोलमुरी के आकाशदीप प्लाजा के सामने मंगलवार को एक बार फिर सड़क हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया। गनीमत रही कि हादसे में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर उस खतरनाक सड़क की ओर लोगों का ध्यान खींच दिया है, जहां एक ही स्थान पर बार-बार वाहन डिवाइडर से टकरा रहे हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार, आकाशदीप प्लाजा के सामने डिवाइडर से वाहनों के टकराने की यह पांचवीं घटना है। लगातार हादसों के बावजूद मौके पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए जाने से लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो किसी दिन यह स्थान बड़े हादसे का गवाह बन सकता है।

रात में डिवाइडर नहीं दिखता, बढ़ रहा हादसे का खतरा…..
स्थानीय लोगों ने बताया कि रात के समय इस मार्ग पर पर्याप्त रोशनी नहीं रहने के कारण डिवाइडर वाहन चालकों को स्पष्ट नजर नहीं आता। डिवाइडर पर पर्याप्त रेडियम, रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेतक नहीं होने से खतरा और बढ़ जाता है। तेज रफ्तार में आने वाले वाहन चालकों को डिवाइडर का अंदाजा लगने तक काफी देर हो जाती है. लोगों का सवाल है कि जब एक ही जगह लगातार हादसे हो रहे हैं, तो क्या इसे महज वाहन चालकों की गलती मानकर छोड़ दिया जाएगा? बार-बार होने वाली दुर्घटनाएं इस बात का संकेत हैं कि सड़क की बनावट, डिवाइडर की दृश्यता और प्रकाश व्यवस्था की भी गंभीरता से जांच जरूरी है।
बड़े हादसे का इंतजार तो नहीं कर रहा विभाग?……
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से तत्काल मौके का निरीक्षण कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यहां पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने के साथ डिवाइडर पर चमकीले रेडियम और रिफ्लेक्टर लगाए जाएं। जरूरत के अनुसार चेतावनी बोर्ड भी लगाए जाएं, ताकि रात में दूर से ही वाहन चालकों को डिवाइडर की स्थिति का पता चल सके।
लोगों की मांग साफ है—हादसा होने के बाद जागने के बजाय हादसा रोकने की व्यवस्था अभी की जाए।
“बड़े जोखिम है इस राह में, जरा संभलकर…” आकाशदीप प्लाजा के सामने लगातार हो रही दुर्घटनाएं यही चेतावनी दे रही हैं कि सुरक्षा व्यवस्था में अब और लापरवाही भारी पड़ सकती है। समय रहते सुधार नहीं हुआ तो अगली टक्कर सिर्फ डिवाइडर से हो, यह जरूरी नहीं।


























































