जमशेदपुर : गोलमुरी क्षेत्र में लगातार बिगड़ रही यातायात व्यवस्था, सड़क किनारे भारी वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग और जर्जर सड़कों को लेकर आजसू पार्टी के पूर्वी सिंहभूम जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने यातायात विभाग एवं संबंधित अधिकारियों से तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग करते हुए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने 48 घंटे बाद दोपहर 12 बजे से भूख हड़ताल पर बैठने की घोषणा की है।

अप्पू तिवारी ने कहा कि गोलमुरी क्षेत्र में सड़क किनारे बड़े वाहनों की बेतरतीब पार्किंग के कारण सड़क की चौड़ाई लगातार कम हो रही है। वहीं, कई स्थानों पर सड़क पर बने गड्ढे भी दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं। इससे दोपहिया वाहन चालकों, पैदल यात्रियों और आम राहगीरों की सुरक्षा खतरे में है। रात के समय बिना पर्याप्त रिफ्लेक्टर और संकेतक के खड़े भारी वाहनों के कारण दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है. उन्होंने कहा कि इस समस्या को लेकर पूर्व में भी प्रशासन को शिकायत और सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। लगातार हादसों के बावजूद यदि व्यवस्था में सुधार नहीं होता है तो यह आम लोगों की सुरक्षा के प्रति गंभीर चिंता का विषय है।
अव्यवस्थित पार्किंग पर सख्ती की मांग……
अप्पू तिवारी ने प्रशासन से गोलमुरी क्षेत्र में अव्यवस्थित पार्किंग के खिलाफ नियमित अभियान चलाने, नो-पार्किंग जोन को स्पष्ट रूप से चिन्हित करने और उसका सख्ती से पालन कराने की मांग की। उन्होंने बड़े वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग व्यवस्था करने तथा सड़क पर बने गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने की भी मांग रखी. इसके अलावा दुर्घटना संभावित स्थानों पर बैरिकेडिंग, रोड साइन, रिफ्लेक्टर और पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई। उन्होंने पीक आवर में विशेष यातायात निगरानी बढ़ाने तथा सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ नियमित चालान और जरूरत पड़ने पर टोइंग की कार्रवाई करने की बात कही. उन्होंने कहा कि पूर्व में हुई दुर्घटनाओं का अध्ययन कर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और ब्लैक स्पॉट को चिन्हित किया जाना चाहिए, ताकि तत्काल उपायों के साथ-साथ स्थायी समाधान भी सुनिश्चित हो सके।
48 घंटे का अल्टीमेटम, फिर भूख हड़ताल…..
अप्पू तिवारी ने स्पष्ट किया कि प्रशासन को समस्या के समाधान के लिए 48 घंटे का समय दिया जा रहा है। यदि इस अवधि में गोलमुरी की यातायात व्यवस्था, भारी वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग और सड़क की खराब स्थिति को लेकर प्रभावी कार्रवाई शुरू नहीं की गई, तो वे 48 घंटे बाद दोपहर 12 बजे से भूख हड़ताल पर बैठेंगे. उन्होंने कहा कि प्रस्तावित आंदोलन किसी व्यक्ति या संस्था के विरोध में नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए होगा। उन्होंने प्रशासन से समय रहते मामले को गंभीरता से लेने और आवश्यक कदम उठाने की अपील की, ताकि लापरवाही के कारण किसी निर्दोष नागरिक को अपनी जान न गंवानी पड़े।



























































