जमशेदपुर : गोलमुरी क्षेत्र में लगातार बिगड़ रही पार्किंग और यातायात व्यवस्था को लेकर आजसू पार्टी के पूर्वी सिंहभूम जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने नगर प्रशासन से तत्काल ठोस और स्थायी कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग मजबूरी में सड़क किनारे वाहन खड़े कर रहे हैं। इससे सड़कें संकरी होने के साथ जाम और दुर्घटना का खतरा भी बढ़ रहा है. अप्पू तिवारी ने कहा कि गोलमुरी के प्रमुख मार्गों, बाजार और व्यावसायिक क्षेत्रों में दोपहिया व चारपहिया वाहनों की बेतरतीब पार्किंग आम हो गई है। कई जगह सड़क के दोनों ओर वाहन खड़े रहने से आवागमन प्रभावित होता है। वहीं, फुटपाथ की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पैदल चलने वालों को भी सड़क पर चलना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. उन्होंने कहा कि केवल यातायात जांच और चालान की कार्रवाई से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। नगर निकाय और यातायात विभाग को संयुक्त रूप से क्षेत्र का सर्वे कर वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था विकसित करनी चाहिए।

ठेला और अतिक्रमण पर भी कार्रवाई की मांग……
अप्पू तिवारी ने लिट्टी चौक से टिनप्लेट चौक तक सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से लगाए गए ठेलों की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि गरीब और छोटे ठेलेवालों के लिए वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराया जाना चाहिए, लेकिन सड़क किनारे दबंगई के बल पर अवैध वसूली या कमाई का जरिया बनाने वालों पर सख्ती होनी चाहिए. उन्होंने आकाशदीप प्लाजा के आसपास स्पष्ट नो-पार्किंग बोर्ड लगाने तथा बस्तीवासियों के आवागमन के रास्ते को सुगम बनाए रखने की भी मांग की। उनके अनुसार प्लाजा और आसपास के मार्गों पर सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग पर प्रभावी नियंत्रण जरूरी है।
प्रशासन से ये प्रमुख मांगें…..
– प्रमुख स्थानों पर चिन्हित एवं व्यवस्थित पार्किंग स्थल विकसित किए जाएं।
– व्यस्त मार्गों पर स्पष्ट नो-पार्किंग जोन निर्धारित किए जाएं।
– अवैध और बेतरतीब पार्किंग के खिलाफ नियमित कार्रवाई की जाए।
– लिट्टी चौक से टिनप्लेट चौक तक ठेला एवं अतिक्रमण की जांच कर उचित कार्रवाई हो।
– गरीब ठेलेवालों के लिए वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराया जाए।
– आकाशदीप प्लाजा के आसपास नो-पार्किंग व्यवस्था के साथ स्पष्ट संकेतक लगाए जाएं।
– पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए फुटपाथ और सुरक्षित पैदल मार्ग विकसित किए जाएं।
– नगर निकाय और यातायात विभाग संयुक्त रूप से नियमित निरीक्षण करें।
अप्पू तिवारी ने कहा कि जनता की जान-माल की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। गोलमुरी में जाम और दुर्घटनाओं की समस्या को गंभीरता से लेते हुए समय रहते स्थायी समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रशासन से जनहित के इस गंभीर मुद्दे पर शीघ्र संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की, ताकि गोलमुरी में यातायात व्यवस्था सुचारु हो और आम लोगों को सुरक्षित आवागमन मिल सके।



























































