जमशेदपुर : लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में बाढ़ और जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। इससे प्रभावित लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। संकट की इस घड़ी में सौरभ विष्णु फाउंडेशन ने मदद का हाथ बढ़ाते हुए मानगो क्षेत्र के लक्ष्मण नगर, राम नगर और शांति नगर में जरूरतमंद परिवारों के बीच भोजन एवं खाद्य सामग्री का वितरण किया. फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं लोकसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु स्वयं प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने लोगों को बाढ़ के दौरान सतर्क रहने और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में घरों में रुकने का जोखिम नहीं लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग तत्काल सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर चले जाएं। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के साथ प्रशासन की ओर से जारी राहत एवं बचाव संबंधी निर्देशों का पालन करें।

गर्मी में पानी की किल्लत, बारिश में जलजमाव से परेशानी…….
स्थानीय लोगों ने सौरभ विष्णु को अपनी समस्याएं बताते हुए कहा कि क्षेत्र में गर्मी के दिनों में पेयजल के लिए लोगों को परेशान होना पड़ता है, जबकि बारिश के दौरान स्थिति बिल्कुल उलट हो जाती है। अत्यधिक बारिश के कारण घरों और आसपास के इलाकों में जलजमाव हो जाता है। लोगों का कहना था कि यह समस्या वर्षों से बनी हुई है, लेकिन प्रशासन और नगर निगम की ओर से इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया. स्थानीय लोगों ने जल निकासी की बेहतर व्यवस्था और समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। इस दौरान फाउंडेशन की ओर से प्रभावित तीनों क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों तक भोजन और खाद्य सामग्री पहुंचाई गई।
जरूरतमंदों के साथ खड़ा रहेगा फाउंडेशन…..
सौरभ विष्णु ने कहा कि बाढ़ से प्रभावित कोई भी परिवार खुद को अकेला न समझे। सौरभ विष्णु फाउंडेशन इस मुश्किल समय में लोगों के साथ मजबूती से खड़ा है और जरूरत के अनुसार भोजन व अन्य आवश्यक सहायता पहुंचाने का प्रयास जारी रखेगा. उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में एक-दूसरे की मदद करना ही सबसे बड़ी मानवता है। साथ ही उन्होंने प्रशासन से बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य तेज करने तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके।



























































