राजनगर : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बायरासाई गांव के पास बुधवार की शाम करीब पांच बजे हुए भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा एक अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया. जानकारी के अनुसार, चाड़ीडीहा निवासी आकाश पात्रो, टीका राम सरदार (35), भोला सरदार (28) और हीरा गोप (36) एक हीरो होंडा पैशन मोटरसाइकिल पर सवार होकर राजनगर बाजार आए थे। बाजार से लौटने के दौरान बायरासाई गांव के पास तीखे मोड़ पर सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल सवार चारों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर समाजसेवी अजय कुमार गोप ने प्रशासन को घटना की जानकारी दी। इसके बाद प्रशासनिक वाहन और निजी टेंपो की मदद से सभी घायलों को राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. सीएचसी में चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान की पुष्टि संबंधित स्तर पर की जा रही है।
इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने के साथ-साथ हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है. हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार पर नियंत्रण की जरूरत को उजागर किया है।
