जमशेदपुर : गुलमोहर हाई स्कूल के लिए यह गर्व का क्षण है कि 2026 बैच के पूर्व छात्र अक्षत भारद्वाज ने उद्यमिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। अक्षत के स्टार्टअप Akshen Electric का चयन Atal Incubation Centre–Manipal University Jaipur (AIC-MUJ) के Pre-Incubation Programme के लिए हुआ है। इस उपलब्धि के साथ अक्षत ने औपचारिक रूप से AIC-MUJ के प्री-इन्क्यूबेशन इकोसिस्टम में प्रवेश कर अपने स्टार्टअप को विचार से विकसित एवं प्रमाणित उद्यम की दिशा में आगे बढ़ाने की शुरुआत की है. अक्षत द्वारा स्थापित Akshen Electric इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के क्षेत्र में शुरुआती चरण का स्टार्टअप है। इसका उद्देश्य इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर से जुड़ी प्रमुख चुनौतियों, खासकर बैटरी सुरक्षा, चार्जिंग सुविधा और बेहतर आफ्टर-सेल्स सर्विस के समाधान विकसित करना है। स्टार्टअप की प्रस्तावित तकनीकों में एडवांस्ड बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम, थर्मल मैनेजमेंट, रिमूवेबल बैटरी और बेहतर सर्विस सपोर्ट जैसे समाधान शामिल हैं।

ग्राहकों की जरूरतों को समझने पर जोर……
Akshen Electric की खासियत उसका validation-first approach है। स्टार्टअप की कार्ययोजना में सबसे पहले ग्राहकों की वास्तविक जरूरतों और समस्याओं को समझने पर जोर दिया गया है। इसके बाद टीम निर्माण, इंजीनियरिंग, प्रोटोटाइप तैयार करने और वास्तविक परिस्थितियों में उत्पाद के परीक्षण एवं सत्यापन की दिशा में काम किया जाएगा. AIC-MUJ के Pre-Incubation Programme के तहत अक्षत को विशेषज्ञों से मार्गदर्शन, मेंटरशिप, इंडस्ट्री नेटवर्किंग और स्टार्टअप डेवलपमेंट से जुड़ा सहयोग मिलेगा। अक्षत के अनुसार, अपने वेंचर को आगे बढ़ाने में ईवी इंडस्ट्री के विशेषज्ञों से मार्गदर्शन के साथ-साथ निर्माताओं और निवेशकों से संपर्क स्थापित करना महत्वपूर्ण होगा।
प्राचार्या ने जताया गर्व……
अक्षत की उपलब्धि पर गुलमोहर हाई स्कूल की प्राचार्या प्रीति सिन्हा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अक्षत को कक्षा की सीमाओं से आगे बढ़कर उद्यमिता की दुनिया में कदम रखते देखना विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल युवाओं को अवसर तलाशने के लिए तैयार करना नहीं, बल्कि उन्हें वास्तविक समस्याओं को पहचानने, नवाचार करने और उनके समाधान विकसित करने में सक्षम बनाना भी है।
उन्होंने कहा कि गुलमोहर के विद्यार्थी से उभरते उद्यम के संस्थापक तक अक्षत की यात्रा इसी सोच का उदाहरण है। AIC-MUJ के Pre-Incubation Programme में उनका चयन एक महत्वपूर्ण शुरुआत है। उन्होंने अक्षत के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे चुनौतियों से सीखते हुए समाज के लिए सार्थक बदलाव लाने वाला उद्यम विकसित करेंगे।
अक्षत की इस उपलब्धि से विद्यार्थियों में नवाचार, समस्या-समाधान, नेतृत्व और उद्यमशील सोच को बढ़ावा देने की दिशा में भी सकारात्मक संदेश गया है। अब Akshen Electric ग्राहक आवश्यकताओं के अध्ययन और validation से आगे बढ़ते हुए उत्पाद विकास और प्रोटोटाइप तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ेगा. गुलमोहर हाई स्कूल परिवार ने अक्षत भारद्वाज को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनकी नई उद्यमशील यात्रा की सफलता और उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



























































