जमशेदपुर : शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी और छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह के खिलाफ पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांच शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के कब्जे से चोरी एवं छिनतई की घटनाओं से संबंधित 31 मोबाइल फोन, सोने के आभूषण, दो स्कूटी और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी संगठित तरीके से चोरी और छिनतई की वारदातों को अंजाम देते थे। साथ ही, गिरोह के सदस्य आपस में मिलकर आगे की आपराधिक घटनाओं की योजना भी तैयार करते थे।

पुलिस की जांच में आरोपियों की गतिविधियों और उनके गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है। बरामद मोबाइल फोन एवं अन्य सामान को विभिन्न चोरी और छिनतई की घटनाओं से जोड़कर पुलिस आगे की जांच कर रही है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार सभी पांचों आरोपियों को पूछताछ और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में सक्रिय चोरी एवं छिनतई गिरोह पर प्रभावी अंकुश लगाने की उम्मीद है।
