भुवनेश्वर : ओडिशा के बोलांगीर जिले में एक 40 वर्षीय व्यक्ति की कथित तौर पर निर्मम हत्या कर उसका सिर धड़ से अलग किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना देवगांव थाना क्षेत्र के बगदा गांव की है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी शत्रुघ्न साहू समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस हत्या के पीछे कथित नरबलि और तंत्र-मंत्र से जुड़े एंगल की भी जांच कर रही है. मृतक की पहचान तुसुरा थाना क्षेत्र के तेबदमुंडा गांव निवासी संतोष खारसेल के रूप में हुई है। बोलांगीर के एसपी जी. अभिलाष के मुताबिक, मुख्य आरोपी शत्रुघ्न साहू ने कथित तौर पर 18 अगस्त को संतोष को खाना खाने के बहाने अपने घर बुलाया था। पुलिस को आशंका है कि संतोष के सो जाने के बाद साहू और उसके साथियों ने उस पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसका सिर धड़ से अलग कर दिया गया।

तालाब में मिला बिना सिर का शव……
हत्या के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर संतोष के शव को गांव के बाहर ले जाकर एक तालाब में फेंक दिया, जबकि उसका कटा हुआ सिर साहू के घर के पूजा कक्ष में छिपा दिया गया। गुरुवार को स्थानीय लोगों की नजर तालाब के पास पड़े बिना सिर वाले शव पर पड़ी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और देवगांव पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि संतोष को आखिरी बार शत्रुघ्न साहू के साथ देखा गया था। इसके आधार पर पुलिस टीम साहू के घर पहुंची। उस समय साहू कथित तौर पर घर के अंदर ध्यान कर रहा था।
पूछताछ में बदला बयान, पूजा कक्ष से बरामद हुआ सिर…..
शुरुआती पूछताछ में साहू ने कथित तौर पर शराब पीने को लेकर हुए विवाद के बाद संतोष की हत्या किए जाने की बात कही। हालांकि, आगे की पूछताछ में उसने कथित तौर पर संतोष का कटा हुआ सिर घर के पूजा कक्ष में छिपाए जाने की जानकारी दी. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने संबंधित स्थान की खुदाई कर संतोष का कटा हुआ सिर बरामद किया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया खून से सना धारदार हथियार भी जब्त किया है।
पांच गिरफ्तार, परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ…..
पुलिस ने मुख्य आरोपी शत्रुघ्न साहू समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, साहू की मां, भाई और भाभी को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे।
पत्नी को वापस पाने के लिए बलि देने का दावा…..
पुलिस को आशंका है कि हत्या के पीछे अंधविश्वास और कथित तंत्र-मंत्र का हाथ हो सकता है। पूछताछ के दौरान साहू ने कथित तौर पर जांचकर्ताओं को बताया कि उसने अपनी अलग रह रही पत्नी को वापस पाने की उम्मीद में संतोष की बलि दी थी. पुलिस के अनुसार, साहू की पत्नी करीब 10 वर्षों से अपने बेटे और बेटी के साथ उससे अलग रह रही थी। अब जांच इस दिशा में भी की जा रही है कि क्या कथित मानव बलि की योजना साहू ने अकेले बनाई थी या किसी अन्य व्यक्ति ने भी इसमें उसकी मदद की थी।
घटनास्थल का री-कंस्ट्रक्शन…..
एसपी जी. अभिलाष ने बताया कि मुख्य आरोपी ने पूछताछ के दौरान कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर से मृतक का कटा हुआ सिर बरामद किया है। मामले की जांच के तहत पुलिस ने घटनाक्रम का री-कंस्ट्रक्शन भी कराया है। पुलिस हत्या के पीछे की पूरी साजिश, संभावित तंत्र-मंत्र कनेक्शन और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।



























































