महाराष्ट्र : महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक महंगे आईफोन की किस्त चुकाने को लेकर शुरू हुआ विवाद एक पूरे परिवार के लिए जानलेवा साबित हुआ। तिसगांव स्थित ‘खावल्या’ पहाड़ी पर शुक्रवार, 21 अगस्त को दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 19 वर्षीय कुणाल छांगुड़े, उसके पिता मुरलीधर छांगुड़े (48) और मां संगीता छांगुड़े (42) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, कुणाल आईफोन की किस्त बाउंस होने से परेशान था। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण किस्त चुकाना मुश्किल हो रहा था। इसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ। इसके बाद कुणाल आत्महत्या की धमकी देते हुए ‘खावल्या’ पहाड़ी पर पहुंच गया. सुबह करीब 10 बजे पहाड़ी पर पहुंचे कुणाल को ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान उसके पिता मुरलीधर भी उसे समझाने और सुरक्षित नीचे लाने के लिए पहाड़ी पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि बेटे को बचाने के प्रयास में मुरलीधर ने उसे खींचकर सुरक्षित स्थान पर लाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और दोनों पहाड़ी से नीचे जा गिरे। हादसे में पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई।
बेटे की मौत का सदमा नहीं सह सकी मां….
पति और बेटे को अपनी आंखों के सामने पहाड़ी से गिरते देख मां संगीता भी सदमे में आ गईं। बताया जा रहा है कि उन्होंने भी उसी स्थान से छलांग लगा दी, जिससे उनकी भी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया।
आत्महत्या की धमकी के बाद दिलाया गया था आईफोन….
बताया गया है कि कुणाल पढ़ाई में काफी होनहार था। उसने 10वीं की परीक्षा में 92 प्रतिशत अंक हासिल किए थे और वर्तमान में नीट की तैयारी कर रहा था। परिवार के अनुसार, पिछले साल भी कुणाल ने आईफोन की मांग को लेकर पहाड़ी पर जाकर आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की थी। उस समय माता-पिता ने उसकी जिद के आगे झुकते हुए उसे किस्त पर आईफोन दिलाया था। हालांकि, बाद में आर्थिक परेशानियों के कारण उसकी किस्तें चुकाना मुश्किल हो गया. इसी बीच आईफोन की किस्त बाउंस होने के बाद कुणाल ने फिर घर में विवाद किया और आत्महत्या की धमकी देते हुए पहाड़ी पर चला गया। परिवार को क्या पता था कि बेटे को समझाने और बचाने की कोशिश में तीन जिंदगियां खत्म हो जाएंगी।
दो दिन पहले ही घर लौटे थे पिता……
कुणाल के पिता मुरलीधर ट्रक चालक थे और घटना से करीब दो दिन पहले ही घर लौटे थे। परिवार पहले से ही आर्थिक और पारिवारिक परेशानियों से जूझ रहा था। कुणाल के बड़े भाई की कुछ वर्ष पहले बीमारी के कारण मौत हो चुकी थी। ऐसे में परिवार पर यह दूसरी बड़ी त्रासदी बनकर टूटी है. घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में आईफोन की किस्त को लेकर हुए विवाद को घटना की मुख्य वजह बताया जा रहा है।



























































