जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र स्थित विजया हेरिटेज निवासी 33 वर्षीय कारोबारी निखार सबलोक की सोमवार को अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। एनएच-33 स्थित कांदरबेड़ा के पास होटल टेंथ माइल स्टोन में हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे जमशेदपुर में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि अपराधियों की गोली से निखार के शरीर में चार गोलियां लगीं। गंभीर हालत में उन्हें टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. जानकारी के अनुसार, निखार सबलोक किसी काम से कांदरबेड़ा स्थित होटल टेंथ माइल स्टोन पहुंचे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन अपराधी वहां पहुंचे और निखार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलीबारी में वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अपराधियों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, वहीं घटनास्थल के आसपास भी पुलिस ने छानबीन की है. बताया जाता है कि निखार सबलोक शहर के जाने-माने कारोबारी थे और होटल समेत कई व्यवसायों से जुड़े हुए थे। दिनदहाड़े कारोबारी की गोली मारकर हत्या की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है। हत्या के पीछे व्यावसायिक विवाद, आपसी रंजिश या किसी अन्य कारण की आशंका को ध्यान में रखते हुए विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान और हत्या के वास्तविक कारण का पता लगाने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी।
