साकची थाने में शिकायत दर्ज, बिजनेस शुरू कराने के नाम पर रकम लेने का आरोप, कार और ट्रेलर खरीदने में पैसे खपाने की आशंका
जमशेदपुर : दोस्ती और विश्वास का फायदा उठाकर कथित तौर पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला साकची थाना क्षेत्र में सामने आया है। काशीडीह लाइन नंबर-13 निवासी मेघा बोस ने अपनी करीबी दोस्त रीना कुमारी, उसके भाई संजय कुमार साहनी और मां मंजू देवी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बिजनेस शुरू कराने के नाम पर करीब 13 लाख रुपये का लोन, सोने के गहने तथा अन्य माध्यमों से करीब 1.50 लाख रुपये लेने और बाद में रकम लौटाने से मुकरने का आरोप लगाया गया है।

दोस्त की मदद के लिए अपने नाम पर लिया लोन…..
मेघा बोस के अनुसार, भुइयांडीह शिव मंदिर पटना लाइन निवासी रीना कुमारी ने अपने भाई संजय कुमार साहनी का बिजनेस शुरू कराने के नाम पर उनसे मदद मांगी थी। रीना ने भरोसा दिलाया था कि लोन की किस्तें समय पर चुका दी जाएंगी। दोस्ती और भरोसे में आकर मेघा ने अपने नाम पर मनी व्यू, चोलामंडलम फाइनेंस और फाइनक्रॉप फाइनेंस समेत अन्य वित्तीय संस्थानों से करीब 13 लाख रुपये का लोन लिया. शिकायत के मुताबिक, लोन की राशि रीना कुमारी, उसके भाई संजय कुमार साहनी और मां मंजू देवी के बैंक खातों में ट्रांसफर की गई। इसके अलावा मेघा ने शादी के समय मिले अपने सोने के गहने भी उन्हें दिए। वहीं, क्रेडिट कार्ड और स्वाइप मशीन के माध्यम से करीब 1.50 लाख रुपये भी रीना के खाते में जमा किए गए।
कुछ महीने किस्त भरने के बाद बंद कर दिया भुगतान….
पीड़िता का कहना है कि शुरुआत में रीना और उसके परिवार की ओर से कुछ महीनों तक लोन की किस्तें चुकाई गईं। इसके बाद अचानक किस्तों का भुगतान बंद कर दिया गया। मेघा ने जब रीना और उसके परिवार से संपर्क करने का प्रयास किया तो कथित तौर पर घर में ताला लगा मिला। आरोप है कि पूरा परिवार घर बंद कर कहीं चला गया. लोन की किस्तें बंद होने के बाद उनकी पूरी आर्थिक जिम्मेदारी अब मेघा पर आ गई है। इससे वह भारी आर्थिक परेशानी में हैं। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि रीना कुमारी दिल्ली में रहने वाले अपने पति आशीष कुमार के पास छिपी हो सकती है।
कार और 12-चक्का ट्रेलर खरीदने में रकम लगाने का संदेह…..
शिकायत में मेघा बोस ने यह भी आशंका जताई है कि उनसे ली गई रकम का इस्तेमाल कार (जेएच-05-डीवाई-9199) और एक 12-चक्का ट्रेलर खरीदने में किया गया है। उन्होंने संजय कुमार के दोस्त केशव की भूमिका पर भी संदेह जताया है। शिकायत के अनुसार, घटना के बाद से केशव उक्त कार लेकर फरार बताया जा रहा है।
बैंक दस्तावेज और ट्रांसफर रिकॉर्ड की जांच की मांग…..
पीड़िता ने साकची थाना प्रभारी से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की है। उन्होंने बैंक खातों में हुए लेन-देन, लोन से जुड़े दस्तावेज, रकम ट्रांसफर के साक्ष्य और वाहन खरीद से संबंधित बिलों की जांच कर प्राथमिकी दर्ज करने तथा रकम और गहनों की बरामदगी की गुहार लगाई है. फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।