रांची/नामकुम : NH-33 पर सड़क निर्माण कार्य में लगे मजदूरों को तेज रफ्तार कंटेनर ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य मजदूर घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मजदूर NH-33 पर सड़क निर्माण कार्य में जुटे थे, इसी दौरान तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर मजदूरों को रौंदता हुआ निकल गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों और मृतकों व घायलों की विस्तृत पहचान की जानकारी जुटाई जा रही है।
