जमशेदपुर : जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देश पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घाटशिला थाना क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से 13.12 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है। दोनों आरोपी घाटशिला थाना क्षेत्र में कथित रूप से अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में संलिप्त थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

