जमशेदपुर : गोलमुरी चौक पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के खिलाफ बजरंग सेवा संस्थान द्वारा शुरू किया गया आंदोलन आखिरकार सफल रहा। रक्षाबंधन के दिन सड़क सुरक्षा के लिए डिवाइडर बनवाने का संकल्प लेकर शुरू हुई धर्मबीर कुशवाहा की भूख हड़ताल चौथे दिन समाप्त हो गई. सोमवार की सुबह टाटा स्टील के अधिकारियों और ट्रैफिक डीएसपी ने भूख हड़ताल स्थल पर पहुंचकर बजरंग सेवा संस्थान के संस्थापक सागर तिवारी के साथ वार्ता की। वार्ता के दौरान गोलमुरी की सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था से जुड़ी सभी प्रमुख मांगों पर सकारात्मक सहमति बनी।

इसके बाद JUSCO की ओर से गोलमुरी चौक पर डिवाइडर का काम शुरू कर दिया गया तथा स्पीड ब्रेकर का निर्माण भी कराया गया। साथ ही अधिकारियों की ओर से जल्द ही गोलचक्कर के निर्माण की दिशा में भी काम शुरू करने की बात कही गई. काम शुरू होने के बाद आंदोलन स्थल पर मौजूद लोगों में खुशी का माहौल देखने को मिला। बजरंग सेवा संस्थान के सदस्यों ने नारियल फोड़कर विकास कार्य का शुभारंभ किया. चार दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे धर्मबीर महतो को आखिरकार उनकी बहनों ने जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया। रक्षाबंधन के दिन लिया गया संकल्प आज पूरा होने के बाद आंदोलनकारियों के चेहरे पर संतोष नजर आया।
इस मौके पर बजरंग सेवा संस्थान के संस्थापक सागर तिवारी ने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि गोलमुरी और जमशेदपुर के आम लोगों की जीत है। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन का उद्देश्य किसी कंपनी, प्रशासन या जनप्रतिनिधि का विरोध करना नहीं था, बल्कि लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकना था।
धर्मबीर ने कहा की“रक्षाबंधन के दिन हमने संकल्प लिया था कि गोलमुरी में लोगों की सुरक्षा के लिए डिवाइडर बनवाकर ही दम लेंगे। आज काम शुरू हो गया है। हमारे लिए इससे बड़ी सफलता और कुछ नहीं हो सकती।”
बजरंग सेवा संस्थान ने यह भी कहा कि इस आंदोलन की सबसे खास बात यह रही कि एक आम युवा ने अपनी टीम के साथ मिलकर सड़क सुरक्षा के मुद्दे को उठाया और लगातार चार दिनों तक भूख हड़ताल के बाद कंपनी से काम शुरू करवाया। संगठन का दावा है कि लंबे समय बाद ऐसा उदाहरण सामने आया है, जब किसी जनप्रतिनिधि के नेतृत्व के बजाय आम युवाओं के आंदोलन के बाद सड़क सुरक्षा से जुड़ा काम जमीन पर शुरू हुआ. गोलमुरी में लंबे समय से पार्किंग, यातायात व्यवस्था, तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोगों की चिंता बनी हुई थी। आंदोलन के दौरान पिछले 18 दिनों में 10 दुर्घटनाओं और 2 मौतों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था।
बजरंग सेवा संस्थान ने Tata Steel, JUSCO के अधिकारियों, ट्रैफिक विभाग तथा विधायक पूर्णिमा साहू समेत आंदोलन के दौरान सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया. इस अवसर पर सागर तिवारी, प्रदीप सिंह, ब्यूटी तिवारी, विभा यादव, बिरबल, विशाल, अन्नू चौबे, सुनीता, सुमित, विवेक, संजय सोनी, अनुज सिंह, नितिश पांडेय और राकेश समेत बजरंग सेवा संस्थान के सदस्य एवं समर्थक उपस्थित रहे।
रक्षाबंधन के दिन लिया गया संकल्प, चार दिन की भूख हड़ताल और आज जमीन पर शुरू हुआ काम—गोलमुरी आंदोलन ने यह संदेश दिया कि अगर युवा जनहित के मुद्दे पर ईमानदारी से खड़े हों, तो बदलाव की शुरुआत की जा सकती है।
