जमशेदपुर : झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की आमसभा के बाद जमशेदपुर के विभिन्न समाचार-पत्रों में प्रकाशित ‘₹25 लाख के गबन’ संबंधी समाचार को लेकर नया सवाल खड़ा हो गया है. सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि उक्त समाचार झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की अधिकृत प्रेस विज्ञप्ति नहीं है. प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष ओम प्रकाश रिंगसिया ने समाचार में अपना नाम ₹25 लाख के कथित गबन एवं दुरुपयोग के संदर्भ में प्रकाशित होने पर आपत्ति जताते हुए रविवार को प्रांतीय अध्यक्ष अग्रवाल को व्हाट्सप्प के माध्यम से पत्र भेजकर स्थिति स्पष्ट करने का आग्रह किया था.

इसके जवाब में प्रांतीय अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि जमशेदपुर के समाचार-पत्रों में प्रकाशित सामग्री सम्मेलन की अधिकृत प्रेस विज्ञप्ति नहीं है. रिंगसिया ने कहा कि प्रांतीय अध्यक्ष के स्पष्टीकरण के बाद अब यह जानना आवश्यक हो गया है कि जब समाचार सम्मेलन की अधिकृत प्रेस विज्ञप्ति नहीं था, तो सम्मेलन एवं प्रांतीय अध्यक्ष के नाम के साथ ‘गबन’ जैसा गंभीर आरोप समाचार-पत्रों तक किसके द्वारा, किस आधार पर और किस अधिकार से पहुँचाया गया?
उन्होंने कहा कि किसी सामाजिक संस्था के पदाधिकारी के नाम के साथ ‘गबन’ जैसे गंभीर शब्द का सार्वजनिक प्रयोग सामान्य विषय नहीं है. ऐसे दुर्भावनापूर्ण आरोप लगाने वाले व्यक्ति की जवाबदेही भी स्पष्ट होनी चाहिए. रिंगसिया ने कहा कि यदि उक्त सामग्री पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के जिलाध्यक्ष अथवा उसके किसी पदाधिकारी के स्तर से समाचार-पत्रों को उपलब्ध कराई गई है, तो प्रांतीय नेतृत्व को इसकी जाँच करनी चाहिए एवं इस विषय को अनुशासन समिति में भेजना चाहिए.
