काठमांडू : नेपाल में भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा के बीच नुवाकोट जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बिदुर नगरपालिका के बेत्रावती इलाके में एक मकान से 24 शव बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मकान में तलाशी अभियान जारी रखा है। शुरुआती जांच में आशंका है कि मकान का इस्तेमाल होटल या गेस्टहाउस के रूप में होता रहा होगा। हालांकि, शवों की पहचान और घटना की पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है. नुवाकोट जिला पुलिस कार्यालय के पुलिस अधीक्षक बिपिन रेग्मी के मुताबिक, सोमवार को तलाशी के दौरान एक ही मकान से 24 शव मिले। पुलिस मृतकों की पहचान और घटना के कारणों की जांच कर रही है।

कई जिले बाढ़ से प्रभावित….
नेपाल में पिछले बुधवार से आई भीषण बाढ़ ने रसुवा, नुवाकोट और धादिंग समेत कई जिलों में भारी तबाही मचाई है। सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त होने से कई इलाकों का संपर्क टूट गया है। बाढ़ के पानी और मलबे में बड़ी संख्या में लोगों के फंसे होने की सूचना है। कई स्थानों से बहकर आए शव भी बरामद किए जा रहे हैं।
सेना-पुलिस का रेस्क्यू अभियान जारी……
नेपाली सेना, नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार राहत और बचाव अभियान चला रही हैं। दुर्गम इलाकों में फंसे लोगों को निकालने और राहत सामग्री पहुंचाने में मुश्किलें आ रही हैं।
नेपाल त्रासदी एक नजर में….
मृतक: करीब 987
लापता: 3,916
रेस्क्यू: 11,814
घायल: 279
