जमशेदपुर : अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, पूर्वी सिंहभूम के जिला सचिव शंभू जायसवाल की पहल पर हेल्थ इंश्योरेंस से जुड़े मामले में ग्राहक को राहत मिली है। बीमा कंपनी द्वारा अस्वीकृत किए गए हेल्थ इंश्योरेंस क्लेम की राशि को ग्राहक हित में दिलाने में ग्राहक पंचायत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर निवासी भूपेंद्र यादव ने अपनी हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी के तहत इलाज कराया था। इलाज में खर्च हुई राशि के लिए उन्होंने बीमा कंपनी के समक्ष क्लेम प्रस्तुत किया, लेकिन कंपनी की ओर से उनके क्लेम को अस्वीकृत कर दिया गया। इसके बाद उन्होंने मामले को अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, पूर्वी सिंहभूम के जिला सचिव शंभू जायसवाल के समक्ष रखा. शंभू जायसवाल ने मामले की जानकारी लेने के बाद ग्राहक के पक्ष को मजबूती से उठाया और बीमा कंपनी द्वारा क्लेम अस्वीकृत किए जाने का विरोध किया। उन्होंने पॉलिसी के प्रावधानों के अनुरूप ग्राहक को मिलने वाले अधिकार और उचित भुगतान के लिए कंपनी के समक्ष मामला रखा। ग्राहक पंचायत के हस्तक्षेप के बाद बीमा कंपनी ने अस्वीकृत क्लेम राशि का भुगतान कर दिया।

ग्राहक दंपती ने जताया आभार….
क्लेम राशि मिलने के बाद भूपेंद्र यादव और उनकी पत्नी रश्मी यादव ने अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के प्रति आभार जताया। दंपती ने धन्यवाद पत्र के माध्यम से संगठन और जिला सचिव शंभू जायसवाल के सहयोग की सराहना की. ग्राहक पंचायत की इस पहल को उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। संगठन ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि किसी भी ग्राहक के साथ अनुचित व्यवहार या उसके वैध अधिकारों का हनन होने पर ग्राहक हित में आवाज उठाई जाएगी।
