जमशेदपुर। बिरसानगर थाना क्षेत्र के पीएम आवास के समीप रहने वाले 27 वर्षीय आकाश कुमार लाल ने बुधवार देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पत्नी ने पड़ोसियों की मदद से उसे फंदे से नीचे उतारा और तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। गुरुवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।

जानकारी के अनुसार, आकाश पहले अपने माता-पिता, पत्नी और बच्चे के साथ परसुडीह में रहता था। करीब एक महीने पहले ही वह पत्नी और बच्चे के साथ बिरसानगर स्थित किराए के मकान में रहने आया था। आकाश डिलीवरी बॉय का काम करता था। बताया जा रहा है कि वह नशे का भी आदी था। परिजनों के अनुसार, बुधवार देर रात किसी बात को लेकर आकाश का पत्नी से विवाद हुआ था। विवाद के बाद वह दूसरे कमरे में चला गया। कुछ देर बाद जब पत्नी उसे देखने गई तो आकाश फंदे से लटका हुआ मिला।
पत्नी ने पड़ोसियों की मदद से उसे नीचे उतारा और एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।घटना की सूचना मिलने के बाद बिरसानगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। आकाश अपने पीछे पत्नी और एक छोटे बेटे को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
