जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी पुलिस लाइन क्षेत्र में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अचानक ऊंचे टावर पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और क्षेत्र में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टावर पर चढ़े युवक की पहचान बाबूलाल के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक नशे की हालत में था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं, कुछ लोगों ने उसके मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की भी आशंका जताई, लेकिन पुलिस और प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग लगातार युवक से सुरक्षित नीचे उतरने की अपील करते रहे। सूचना मिलने पर पुलिस और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद युवक स्वयं ही टावर से सुरक्षित नीचे उतर आया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। युवक के टावर पर चढ़ने के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है तथा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
