साहिबगंज : झारखंड के साहिबगंज जिले में ड्यूटी के दौरान एक पुलिस अधिकारी पर चाकू से हमले का मामला सामने आया है। कोटालपोखर थाना क्षेत्र के पलासबोना गांव में मंगलवार को पुलिस कार्रवाई के दौरान एक युवक ने सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) हेमंत यादव पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में एएसआई गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए पाकुड़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है. जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि पलासबोना गांव में एक युवक नशे की हालत में हाथ में चाकू लेकर घूम रहा है और लोगों में दहशत फैला रहा है। सूचना के आधार पर एएसआई हेमंत यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम जब युवक को काबू में करने का प्रयास कर रही थी, तभी उसने अचानक एएसआई पर चाकू से हमला कर दिया।

घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल एएसआई हेमंत यादव को सुरक्षित निकालकर पाकुड़ सदर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है, हालांकि एहतियातन उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी युवक को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हमले के कारणों के साथ-साथ आरोपी की पृष्ठभूमि और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
