जमशेदपुर : शहर में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने गुरुवार को मानगो के शंकोसाई रोड नंबर-4 स्थित सिंचाई विभाग, गंगा हॉस्पिटल के पास छापेमारी कर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते दो युवकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज कुमार प्रजापति (27) और रोहित कुमार शर्मा उर्फ बाली के रूप में हुई है।
वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और डीएसपी पटमदा दयानंद कुमार के नेतृत्व में छापेमारी दल ने कार्रवाई की। इस दौरान आरोपियों के पास से 25 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसका कुल वजन करीब 4.13 ग्राम है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। छापेमारी दल में ओलीडीह ओपी प्रभारी मो. शारिक अली समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।




