टाटा स्टील प्रबंधन और वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष की सराहना, डॉ. जी. जयरामदास ने रतन टाटा और जेआरडी टाटा के योगदान को किया याद
जमशेदपुर : टाटा स्टील के कर्मचारियों के लिए 315 करोड़ रुपये के बोनस समझौते पर जनसेना व जोहार जनसेवक पार्टी ने टाटा स्टील प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन के प्रति आभार एवं बधाई व्यक्त की है। पार्टी की ओर से कहा गया कि कर्मचारियों के हित में हुआ यह समझौता कंपनी और श्रमिकों के बीच मजबूत औद्योगिक संबंधों का परिचायक है।

जनसेना व जोहार जनसेवक पार्टी के डॉ. जी. जयरामदास ने कहा कि टाटा स्टील न केवल जमशेदपुर बल्कि देश और विश्व की अग्रणी औद्योगिक संस्थाओं में अपनी अलग पहचान रखती है। कंपनी की सफलता में कर्मचारियों की मेहनत और समर्पण की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए बोनस समझौता किया जाना स्वागतयोग्य कदम है. उन्होंने टाटा स्टील प्रबंधन के साथ-साथ टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष की भी सराहना करते हुए कहा कि प्रबंधन और यूनियन के बीच बेहतर तालमेल से ही कर्मचारियों के हितों की रक्षा संभव है।
डॉ. जयरामदास ने टाटा समूह के पूर्व चेयरमैन रतन टाटा और टाटा स्टील के महान निर्माता जेआरडी टाटा को भी याद करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व, मानवीय सोच और श्रमिक हितों के प्रति प्रतिबद्धता ने टाटा समूह को विश्वस्तरीय पहचान दिलाई। टाटा स्टील की उपलब्धियों के पीछे उनकी विचारधारा और विरासत आज भी प्रेरणास्रोत है. उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी टाटा स्टील प्रबंधन और यूनियन कर्मचारियों के हित में इसी तरह सकारात्मक एवं ऐतिहासिक निर्णय लेते रहेंगे।
